Haryanaline_Logo

हरियाणा सरकार का फैसला: शहीद जवानों के नाम पर होंगे 75 सरकारी स्कूल

 
Haryana News
Whatsapp-Group

Haryana News: देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को सम्मान देने के लिए हरियाणा सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग प्रदेश के 75 सरकारी स्कूलों का नाम अब उन शहीदों के नाम पर रखेगा, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में बलिदान दिया।

यह पहल राज्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का हिस्सा होगी। इस विशेष अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देना और विकास कार्यों को जन आंदोलन का रूप देना है।

सूत्रों के अनुसार, जिन स्कूलों का नाम बदला जाएगा वे वे संस्थान होंगे, जो अभी केवल गांव के नाम से चल रहे हैं। पहले से किसी शहीद के नाम पर रखे गए स्कूल इस सूची में शामिल नहीं होंगे। नामकरण की सूची जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की सलाह से तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। यह प्रक्रिया 10 दिन के भीतर पूरी की जानी है ताकि अभियान की शुरुआत से पहले ही स्कूलों को नया नाम मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर में प्रतिदिन विभिन्न आयोजन होंगे। मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री करेंगे, वहीं जिलों में मंत्रीगण जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त पहल और स्कूलों-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, चित्रकला, रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।