Movie prime

टीबी उन्मूलन में काम करने वाले योद्धाओं को सम्मान

 
Shivpuri News

Shivpuri News: स्वतंत्रता दिवस पर पोहरी में टीबी उन्मूलन में योगदान दे रहे 20 टीबी योद्धाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित हुआ, जहां विधायक कैलाश कुशवाहा ने उन्हें किट, गमछा और टी-शर्ट भेंट कर सम्मान दिया।

विधायक ने कहा कि विकास संवाद संस्था का कार्य सहरिया आदिवासियों के बीच नींव की तरह है। संस्था की मेहनत से कई जिंदगियां बचाई जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।

जिला समन्वयक अजय यादव ने बताया कि संस्था पिछले तीन वर्षों से पोहरी ब्लॉक के गांवों में टीबी निवारण परियोजना चला रही है। इसमें वही लोग शामिल हैं, जो खुद टीबी से ठीक होकर दूसरों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। ये योद्धा संभावित मरीजों की पहचान करते हैं, उन्हें दवा लेने के लिए प्रेरित करते हैं और संक्रमण रोकने के उपाय बताते हैं।

विधायक कुशवाहा ने कहा कि सहरिया समुदाय की कई महिलाएं टीबी के कारण विधवा हो चुकी हैं। अगर इस बीमारी को खत्म करने में सफलता मिली, तो उनकी दुआएं संस्था और योद्धाओं को मिलेंगी। यही असली सामाजिक सेवा है।