जिला अस्पताल में दवा वितरण का समय बढ़ा, सुविधा बढ़ी
Guna News: जिला अस्पताल परिसर में स्थित जनऔषधि केंद्र अब प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुले रहेंगे। पहले ये केंद्र दो शिफ्ट में चलते थे: सुबह 9 से दोपहर 2 बजे और शाम 4 से 7 बजे। नए समय से मरीजों को ओपीडी के दौरान आसानी से दवाइयां मिल सकेंगी और दवाओं की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है।
प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि योजना का उद्देश्य है कि आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हों। जिले में अब जनऔषधि केंद्र पर लगभग 700 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें बीपी, शुगर, डायबिटीज, एलर्जी, स्किन और फंगल इन्फेक्शन जैसी बीमारियों की दवाएं शामिल हैं। फार्मासिस्ट द्वारा पर्ची लिखवाने के बाद मरीज अगले दिन भी दवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
नए समय के अनुसार, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक फार्मासिस्ट दवाइयों का वितरण करेंगे, जबकि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सपोर्टिंग स्टाफ जिम्मेदारी संभालेगा। इससे मरीजों को लगातार और सुविधाजनक दवा वितरण की सुविधा मिलेगी और किसी को दवा लेने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।पुराने समय में कई बार ओपीडी के बाद मरीजों को दवाइयां लेने के लिए इंतजार करना पड़ता था, जिससे असुविधा होती थी।
अब सुबह से रात तक केंद्र खुले रहने से नौकरीपेशा लोग और दूर से आने वाले मरीज आसानी से दवाइयां ले सकेंगे। स्थानीय लोगों ने समय बढ़ाए जाने का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब उन्हें महंगी दवाइयां खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ओपीडी या निजी डॉक्टर की पर्ची के अनुसार आसानी से सस्ती दवाइयां मिलेंगी।
