रक्षाबंधन पर जेल में कैदियों ने बहनों संग मनाया त्योहार, भावुक हुए दोनों तरफ के लोग
Barwani News: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जेल में बंद कैदियों ने बहनों के साथ त्योहार मनाकर खास खुशी का अनुभव किया। लंबे समय से केवल फोन पर बात हो पाती थी और कांच के पीछे चेहरा दिखता था, लेकिन इस बार जेल प्रशासन ने खुली मुलाकात का मौका दिया। बहनों ने जेल परिसर में आकर कैदियों की कलाई में राखी बांधी और उनके साथ सीधे बात की। इस मुलाकात ने कैदियों और परिवार दोनों को भावुक कर दिया। बहनों की आंखों में भी खुशी के आंसू छलक पड़े।
केंद्रीय जेल परिसर में सुबह से ही बहनों और परिवार के सदस्यों की चहल-पहल थी। जेल प्रशासन ने 458 पुरुष कैदियों और 10 महिला कैदियों के लिए राखी बांधने की व्यवस्था की। इस दौरान 1050 बहनें और 514 बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी ने बताया कि इस बार त्योहार के अनुरूप जेल परिसर में कैदियों द्वारा निर्मित राखियां, मिठाई, काष्ठ शिल्प और अन्य हस्तशिल्प वस्तुओं की बिक्री का भी केंद्र लगाया गया था, जिससे बहनों को आवश्यक सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध हुई।
रक्षा बंधन पर्व को उत्साह और अनुशासन के साथ मनाने के लिए जेल व पुलिस विभाग की करीब 17 महिला कर्मचारियों ने दिनभर कमान संभाली। जेल अधीक्षक, उप अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने भी व्यवस्था पर विशेष नजर रखी। इस आयोजन से कैदियों को मनोबल और उमंग मिली, वहीं परिवार के सदस्यों के लिए भी यह मौका विशेष था।
