Movie prime

हरियाणा की भोंडसी जेल में निरीक्षण और लोक अदालत, न्यायाधीश ने कैदियों से की बातचीत

 
Haryana News

Haryana News: मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम, राकेश कादियान ने भोंडसी स्थित जिला कारागार का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा डीएलएसए की चेयरपर्सन वाणी गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। निरीक्षण के तुरंत बाद जेल परिसर में ही जेल लोक अदालत का आयोजन हुआ।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने बंदियों के रहने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशिक्षण सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान की दिशा में भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने लीगल एड क्लिनिक का भी दौरा किया और वहां मौजूद पारा लीगल वॉलंटियर्स से बातचीत की। उन्होंने जोर दिया कि जेल में कोई भी बंदी कानूनी सहायता से वंचित न रहे।

जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित लोक अदालत में ऐसे मामले शामिल किए गए, जिनका निपटारा आपसी सहमति या समझौते से संभव था। इस लोक अदालत में सात मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से चार का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।इस अवसर पर राकेश कादियान ने कहा कि हर व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है और जेल में रह रहे बंदियों को भी वही अधिकार प्राप्त हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोक अदालत का उद्देश्य केवल विवादों का निपटारा करना ही नहीं, बल्कि कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। डीएलएसए का प्रयास है कि निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत जैसी पहल के जरिए बंदियों के पुनर्वास और समाज में पुनः एकीकरण को सुनिश्चित किया जा सके।