Movie prime

बड़े पैमाने पर तस्करी नाकाम: 1677 किलो डोडा चूरा जब्त

 
Mandsaur news, MP news,

MP News: मंदसौर में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो नीमच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1677 किलो डोडा चूरा जब्त किया। यह मादक पदार्थ एक मिनी कंटेनर में ले जाया जा रहा था। कंटेनर के लॉक वाले हिस्से पर सील लगी हुई थी और पिछली नंबर प्लेट के पास ‘सिंदूर’ लिखा हुआ था।

जांच में सामने आया कि ड्राइवर इसका परिवहन नीमच होते हुए राजस्थान ले जा रहा था। कंटेनर में भरे बोरों में डोडा चूरा रखा गया था। ड्राइवर को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया के तहत नारकोटिक्स कार्यालय लाया गया। उसके प्रारंभिक बयानों के आधार पर टीम आगे की जांच कर रही है।

इस मामले से मादक पदार्थ तस्करी के नए तरीकों का पता चला। कभी एंबुलेंस का उपयोग, कभी ट्रक की केबिन से कंटेनर तक रास्ता बना कर मादक पदार्थ भेजे जा रहे हैं। इसी महीने 19 अगस्त को राजस्थान रजिस्टर्ड एंबुलेंस से 1.609 किलो मेफेड्रोन जब्त किया गया था। फर्जी मरीज बनाकर तस्करी की जा रही थी, लेकिन तस्करों को बायपास पर पकड़ लिया गया।

ताजा कार्रवाई में टाटा कंपनी का 407 मिनी ट्रक इस्तेमाल हुआ। वाहन का पिछला हिस्सा लॉक था और बोतल की सील लगी हुई थी, जो आम तौर पर कोल्ड ड्रिंक्स या पानी की बोतलों के परिवहन में इस्तेमाल होती है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में सतर्कता बढ़ाई जाएगी।