बंद हो चुके अस्पताल में महीनों तक चला इलाज, सीएम रिलीफ फंड से 48 लाख से ज्यादा की राशि जारी
Guna News: गुना जिले के मधुसूदनगढ़ में स्थित भोपाल सिटी हॉस्पिटल को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यह अस्पताल 31 मार्च 2025 को बंद हो चुका था, लेकिन इसके बाद भी यहां 13 मई 2025 तक मुख्यमंत्री रिलीफ फंड से इलाज के लिए भुगतान होता रहा। यह मुद्दा बुधवार को विधानसभा में उठा, जहां राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने सवाल पूछा।
विधायक ने बताया कि उन्होंने एमपी ट्रेजरी वेबसाइट से जानकारी निकालकर देखा कि अस्पताल को 19 जुलाई 2024 से 14 मई 2025 तक नियमित भुगतान हुआ। कुल मिलाकर इस दौरान अस्पताल को सीएम रिलीफ फंड से 48 लाख 70 हजार रुपए जारी किए गए।
गुना सीएमएचओ कार्यालय की ओर से बताया गया कि 4 अप्रैल 2025 को अस्पताल के संचालक ने पत्र लिखकर जानकारी दी थी कि भोपाल सिटी हॉस्पिटल को बंद कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. आर. ऋषिश्वर ने भी पुष्टि की कि अस्पताल 31 मार्च को बंद हो चुका था। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम रिलीफ फंड से कब और किसे कितनी राशि दी गई, इसका रिकॉर्ड उनके पास नहीं है।
इस मामले की शुरुआत 14 फरवरी 2025 को हुई, जब एक व्यक्ति राजेश शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई कि अस्पताल में फर्जी मरीजों के नाम पर रिलीफ फंड से 40-50 लाख रुपए की हेराफेरी हुई है। लेकिन इस शिकायत की जांच पांच महीने बाद 9 जुलाई को शुरू की गई।
सीएमएचओ डॉ. ऋषिश्वर ने बताया कि शिकायत करने वाले राजेश शर्मा जांच समिति के सामने पेश ही नहीं हुए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.आर. माथुर ने कहा कि उन्हें दो बार नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
विधायक जयवर्धन सिंह का कहना है कि यह गंभीर मामला है और इसमें सरकारी फंड का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने मांग की कि इस घोटाले की पूरी जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके।
