MP News: मध्यप्रदेश के झाबुआ में नशा मुक्ति अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर और एसपी ने ली बैठक
MP News: मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर की अध्यक्षता में नशा मुक्ति अभियान को लेकर बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि जिले में 15 से 30 जुलाई तक नशा मुक्ति अभियान चलेगा। यह अभियान पुलिस विभाग द्वारा पूरे जिले में चलाया जाएगा।
एसपी व्यास ने कहा कि मध्यप्रदेश में नशीले पदार्थों का बढ़ता उपयोग समाज के लिए गंभीर खतरा बन गया है। इससे युवा पीढ़ी का भविष्य संकट में है। यह आदत न केवल शरीर और दिमाग को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि अपराध भी बढ़ाती है। इसी को देखते हुए प्रदेशभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिले में भी अभियान होगा। इसका मकसद समाज के हर वर्ग को ड्रग्स के नुकसान के बारे में जागरूक करना है।
कलेक्टर डॉ. बेडेकर ने बताया कि 15 जुलाई को सुबह 7 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से पैदल मार्च निकलेगा। इसमें जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। लोगों से आह्वान किया कि वे अभियान को सफल बनाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसका संदेश पहुंचाएं। यह मार्च दाहोद नाका, झंडा चौक, नीम चौक, बस स्टैंड, जेल चौराहा, सिनेमा चौराहा होते हुए फतेह क्लब मैदान पर खत्म होगा।