बीना में अवैध शराब के साथ दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा
Bina News: पुलिस ने कुरवाई रोड से अवैध शराब लेकर जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग 60 लीटर देशी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 31 हजार रुपए बताई गई है। साथ ही उनकी बाइक भी जब्त कर ली गई है।
थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से शराब ले जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने कुरवाई रोड पर गश्त तेज कर दी। जब संदिग्ध बाइक दिखाई दी तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान हिरनछिपा निवासी नितिन (19) और कुरुआ निवासी निहाल (19) के रूप में हुई है। उनके पास से पुलिस ने प्लास्टिक के बोरियों में रखी 335 क्वार्टर शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये शराब कहां से लाई गई थी और किसके लिए थी।
