पुला गांव में बारिश से तबाही, सर्वे न होने पर चक्काजाम की चेतावनी
Shivpuri News: सिंध नदी में आई बाढ़ ने करैरा विधानसभा क्षेत्र के पुला गांव में भारी नुकसान पहुंचाया है। 29 जुलाई को नदी का पानी गांव में घुस गया, जिससे कई घरों में रखा सामान, ट्रैक्टर और बाइकें पूरी तरह खराब हो गईं। खेतों में खड़ी धान की फसल भी बर्बाद हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी उतरने के बाद उन्होंने जब खेतों का जायजा लिया, तो सैकड़ों बीघा फसल खराब हो चुकी थी। गांव के अतर सिंह, जयेंद्र सिंह रावत और छोटू बघेल ने बताया कि अब तक न तो कोई पटवारी आया है, न ही तहसीलदार और न ही कोई जनप्रतिनिधि हालचाल लेने पहुंचा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर नुकसान का सर्वे शुरू नहीं किया गया, तो वे चक्काजाम करेंगे। उनका कहना है कि प्रशासन अन्य इलाकों में तो सर्वे कर रहा है, लेकिन उनके गांव को नजरअंदाज कर दिया गया है।
इस बीच किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मानसिंह फौजी गांव पहुंचे और लोगों को सरकार से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।
गांव में अब भी जलभराव और नुकसान के निशान नजर आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी है।
