MP News: मप्र के इस जिले में रेलवे ओवरब्रिज का पहले हुआ काम बंद, अब गर्डर लगने का इंतजार, 5 माह की डेडलाइन बढ़ाई
MP News: मध्य प्रदेश राज्य के भिंड शहर की अटेर रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य ऑपरेशन गति शक्ति के तहत किया जा रहा है, लेकिन इसकी गति फिलहाल काफी धीमी हो गई है। एक माह तक ओवर ब्रिज का कार्य पूरी तरह से बंद रहा। वहीं, पिलर तैयार होने के बाद इस पर चढ़ाने के लिए गर्डर आना अभी शुरू हुए हैं। गर्डर को अलग-अलग निरीक्षण से गुजरना होगा। ऐसे में कार्य को पिछड़ते देख रेलवे ने इसकी डेड लाइन 5 माह के लिए बढ़ा दी है। यह ओवरब्रिज मार्च 2026 में पूरा होना था, लेकिन अब अगस्त 2026 तक इसका समय बढ़ाया गया है।
मालूम हो, कि जनवरी 2024 में यह प्रोजेक्ट मंजूर हुआ। इसका निर्माण 44.59 करोड़ रुपए से किया जा रहा है। इस ओवरब्रिज का काम शुरू हुए डेढ़ साल से अधिक समय हो चुका है। यहां पर अभी पिलर तैयार हो चुके हैं। लेकिन इसके आगे का कार्य लगभग ठप जैसा ही है करीब एक माह तक तो पूरी तरह से काम ही बंद रहा। अब दो-तीन दिन पहले ही लेबर काम करने के लिए आई है। लेकिन इनकी संख्या भी कम है।
अप्रूवल फर्म ही देती है ओवरब्रिज के गर्डर
अनुसंधान डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) यह भारतीय रेलवे की एक तकनीकी शाखा है, जिसका मुख्यालय लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में है। यह भारतीय रेलवे में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री, उपकरण, संरचना, पुल, गर्डर, सिग्नल, ट्रैक, कोच, इंजन आदि के लिए डिजाइन तैयार करता है। भिंड में ओवरब्रिज के लिए जो गर्डर आने हैं, वह भी लखनऊ से आ रहे हैं। गर्डर को साइट पर ही असेंबल किया जाएगा। इसके बाद उक्त गर्डर का अलग-अलग स्तर पर निरीक्षण होगा। ऐसे में उक्त कार्य में करीब तीन माह का समय लगेगा।
पक्की सर्विस रोड नहीं, इसलिए पूरे दिन धूल का गुबार
अटेर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास बनाए जा रहे ओवरब्रिज की वजह से राहगीरों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि यहां पर अब तक पक्की सर्विस रोड नहीं बनाई गई। दोनों ही तरफ धूल भरी सड़क से वाहन गुजरते हैं। इस कारण से उक्त मार्ग पर पूरे दिन ही धूल के गुबार उठते रहने से लोग परेशान होते हैं।
