Movie prime

कुएं में रहस्यमयी रोशनी की अफवाह, वीडियो वायरल होने से गांव में भीड़ जुटी

 
Shivpuri News

Shivpuri News: अमोला थाना क्षेत्र के सलैया गांव में एक कुएं से रहस्यमयी रोशनी निकलने का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोमवार रात का है, जिसमें गांव के एक पुराने और पानी भरे कुएं में चमकदार रोशनी नजर आ रही है। उसी वक्त कुएं में एक कछुआ भी तैरता दिखाई देता है।

वीडियो देखने के बाद कुछ ग्रामीणों ने इसे नागमणि से जुड़ा चमत्कार मान लिया और दावा किया कि कुएं में नागमणि है, जिससे रोशनी निकल रही है। यह बात तेजी से गांव और आसपास के इलाकों में फैल गई। बड़ी संख्या में लोगों ने कुएं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिससे यह और तेजी से वायरल हो गया।

घटना के बाद गांव में भीड़ जुटने लगी और लोग कुएं को देखने पहुंचने लगे। इससे माहौल में हलचल और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि रोशनी किस कारण से आ रही थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि पानी में इस तरह की रोशनी प्राकृतिक नहीं होती। यह किसी बैटरी से चलने वाले उपकरण या मोबाइल की फ्लैश लाइट से भी उत्पन्न हो सकती है।

गांव वालों ने प्रशासन से जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और अंधविश्वास पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने भीड़ और अफवाह को देखते हुए निगरानी शुरू कर दी है।