हिम्मतपुर में बारिश से हालात बिगड़े, मकानों और सड़कों पर जमा पानी बना संकट
Shivpuri News: पिछोर तहसील की ग्राम पंचायत खोड़ के मजरा हिम्मतपुर में लगातार बारिश से हालात खराब हो गए हैं। पडेरिया पेट्रोल पंप के सामने पिछोर-गौरा टीला रोड पर कई महीनों से भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन, पंचायत सचिव और तहसीलदार को कई बार शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
लगातार पानी भरने से गांव के करीब 20 मकानों में सीलन और रिसाव शुरू हो गया है। घरों की दीवारें गीली हो गई हैं और लोग न तो आराम से खाना बना पा रहे हैं, न ही सो पा रहे हैं। कई घरों के बाहर दो फीट तक पानी जमा है, जिससे मकान गिरने का खतरा बना हुआ है। खेत और खाली प्लॉट भी तालाब जैसे दिखने लगे हैं।
यह समस्या तब से शुरू हुई जब एमपीआरडीसी के अधीन डीसीसी कंपनी ने पिछोर से गौरा टीला तक सीसी रोड बनाई। हालांकि सड़क तो बन गई, लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे बारिश का पानी आसपास भरने लगा है।
इलाके में एक निजी स्कूल भी है, जिससे बच्चों, राहगीरों और ग्रामीणों को आने-जाने में रोज परेशानी हो रही है। कुछ दिन पहले लोकेंद्र गुप्ता के गोदाम की पिछली दीवार गिर गई, जिसमें रखा क्विंटल भर गेहूं भीग गया और उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
पंचायत द्वारा ट्रैक्टर और पंप के सहारे पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होती, तब तक यह समस्या बनी रहेगी। ग्रामीण अच्छेलाल पाल ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
