Ratlam News: रतलाम शहर में बंद के विरोध के बाद फिर शुरू हुई प्याज मंडी, पहले दिन रही 65 कहों की आवक
Ratlam Mandi Update: लगभग 7 माह से सुचारू रूप से चल रही नामली उपमंडी अचानक बंद हो गई थी। मंडी बंद होने से किसानों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया। इसके बाद सोमवार को प्याज मंडी को पुनः शुरू कर दिया गया। मंडी शुरू होते ही सोमवार को 65 कट्टे प्याज की आवक दर्ज की गई। प्याज का अधिकतम भाव 810 रुपए प्रति क्विंटल रहा। प्याज मंडी के दोबारा शुरू होने से किसान उत्साहित हैं। अब किसान अपनी प्याज उपमंडी नामली में ही बेच सकेंगे, जिससे उन्हें रतलाम नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत और अतिरिक्त भाड़े से राहत मिलेगी। पूर्व में मंडी बंद होने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और किसानों ने तहसीलदार संदीप कुमार इवने को प्याज मंडी शुरू करने सहित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद शुक्रवार को रतलाम एसडीएम आरसी हरित, मंडी सचिव लक्ष्मी भंवर और मंडी प्रभारी गोपाल कोटवानी की मौजूदगी में व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई।
मंडी व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष श्रेणिक कुमार जैन ने बताया कि पहले व्यापारी प्याज की खरीदी को लेकर तैयार नहीं थे इसलिए मंडी बंद करनी पड़ी थी। अब व्यापारी प्याज लेने को तैयार हैं इसलिए मंडी को सुचारू रूप से चलाने में कोई आपत्ति नहीं है। किसानों ने मांग की है कि मटर की खरीदी भी उपमंडी नामली में शुरू की जाए ताकि किसानों को सभी प्रकार की फसल स्थानीय स्तर पर बेचने की सुविधा मिल सके। मंडी प्रभारी गोपाल कोटवानी ने बताया कि सोमवार से नामली उपमंडी में प्याज की खरीदी शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन 65 कट्टों की प्याज की आवक दर्ज हुई। अब किसान अपनी उपज सीधे उपमंडी नामली में विक्रय कर सकते हैं। (Ratlam Mandi )
