Movie prime

Mandsaur News: मंदसौर में रोटरी हटाने के बाद रफ्तार थमी; चौड़ीकरण, लाइनिंग व सिग्नल लगाने जैसे मुख्य काम अटके

MANDSAUR NEWS
 
MANDSAUR NEWS

Mandsaur News: मप्र के मंदसौर शहर की सबसे व्यस्ततम सड़क को आदर्श बनाने की रफ्तार सुस्त हो गई है। सरदार पटेल चौराहा से मंडी गेट तक की इस 3 किमी लंबी सड़क पर बीते दो महीनों में पुलिस व प्रशासनिक महकमे ने कई बार निरीक्षण किए। बैठकों में योजनाएं बनीं। दिशा-निर्देश भी दिए गए लेकिन जमीन पर बदलाव सिर्फ रोटरी हटाने तक ही सीमित रह गया। ट्रैफिक सिग्नल का नवीनीकरण, सड़क पर मार्किंग-लाइनिंग, चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो पाई है।

त्योहारी सीजन में रोटरी हटाने की सक्रियता से लगा था कि अब तेजी से काम होगा लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, रफ्तार थम गई। आज भी सरदार पटेल चौराहा बिना सिग्नल और बिना निर्धारित क्रॉसिंग के संचालित हो रहा है। वाहन चालक मनमाने तरीके से एक से दूसरी ओर निकलते हैं। इससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। सरदार पटेल चौराहे से गांधी चौराहे के बीच जिला अस्पताल के सामने ठेले वालों का स्थायी कब्जा है। गांधी चौराहे से बस स्टैंड तक की स्थिति भी बेहद खराब है। महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के सामने और युवराज क्लब से आगे तक आधी सड़क दुकानदारों के सामान के कब्जे में रहती है। बस स्टैंड, घंटाबर, सदर बाजार हर प्रमुख क्षेत्र में सड़कें अतिक्रमण से संकरी होती जा रही हैं। शहरवासी फूंदासिंह सिसौदिया, अजय कुमार जैन सहित अन्य ने बताया कि सरदार पटेल चौराहे पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को बहुत परेशानी हो रही है। इसका जल्द निराकरण होना चाहिए। मामले में एएसपी मंदसौर टीएस बघेल का कहना है कि प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है। सबसे पहले मार्ग का चौड़ीकरण और डामरीकरण किया जाएगा। उसके बाद सुधारात्मक कार्य शुरू होंगे। कुछ हिस्सों का काम नगरपालिका को भी करना है और जल्द ही धरातल पर बदलाव दिखाई देने लगेंगे।

दूसरी सड़क का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित

इधर, नयाखेड़ा बायपास से गुराड़िया बायपास तक करीब 14 किमी सड़क के उन्नयन को लेकर पीडब्ल्यूडी ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में कुछ सुधार की उम्मीद की जा सकती है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामला शासन स्तर पर लंबित है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू किया जाएगा। बता दें कि यह सड़क फिलहाल फोरलेन होकर डामरीकृत है।