स्कूल और श्मशान घाट तक कच्चा रास्ता, ग्रामीण परेशान
Guna News: कुंभराज के ग्राम पंचायत खेजरा रामा के चकवीरपुर गांव में स्कूल से श्मशान घाट तक सड़क न बनने से ग्रामीण काफी परेशान हैं। बरसात में रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे बीमार या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। अंतिम यात्रा के समय भी शव को कीचड़ में से ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच की मनमानी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह सड़क वर्षों से जर्जर हालत में है। श्मशान घाट पर टीन शेड न होने से बरसात में अंतिम संस्कार करना भी कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों ने 2022 से पंचायत, जनपद, कलेक्टर और सीएम हेल्पलाइन पर कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव के दौरान नेता कई वादे करते हैं, लेकिन जीत के बाद उनकी कोई सुनवाई नहीं होती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण को जल्द शुरू करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर काम शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
