Jind News: नरवाना के बडनपुर में 8 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ पावर हाउस, स्टाफ की कमी से 1 माह बाद भी चालू नहीं
Jind News: जींद जिले की नरवाना विधानसभा बिजली निगम द्वारा बडनपुर गांव में लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से 33 केवी बिजली पावर हाउस एक माह पहले बनाकर तैयार कर दिया गया। लेकिन स्टाफ की कमी होने के चलते वह पूर्ण रूप से चालू नहीं हो सका है। इसकी देखभाल के लिए इधर-उधर से कर्मचारियों को एडजस्ट करना पड़ रहा है। जब तक यहां पूरे स्टाफ की तैनाती नहीं हो जाती, तब तक इसको चला पाना मुश्किल है। स्टाफ नहीं होने से पावर हाउस में लगे फीडरों में लोड नहीं डाला गया है। यहां 12.5-12.5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक ट्रांसफार्मर, नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं ताकि बिजली की गुणवत्ता बेहतर हो और लाइनलॉस में भी कमी आए। शिफ्ट अटेंडेंट के अलावा एक इंचार्ज यहां नहीं होने के चलते ग्रामीणों को इस पावर हाउस का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बता दें कि शहर के 133 केवी पावर हाउस से लोड घटाने व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सप्लाई मुहैया करवाने के लिए निगम ने योजना बनाई थी। यह परियोजना पिछले काफी समय से निर्माणाधीन थी। योजना के अनुसार अब पावर हाऊस बनाया तो स्टाफ की कमी के कारण इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। निगम के अधिकारियों द्वारा स्टाफ की पूर्ति किए जाने को लेकर कई बार आलाधिकारियों को रिमाइंडर भी डाल दिया गया। बावजूद उसके एक माह के दौरान भी किसी की नियुक्ति नहीं की गई। अगर स्टाफ की नियुक्ति हो जाती है तो उसके बाद से पावर हाउस से बडत्तपुर, सुंदरपुरा, झील के अलावा नरवाना के कई वाडों को बिजली की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। सूत्रों की मानें तो उनका कहना है कि जींद में ज्यादा स्टाफ की संख्या है, उनको वहां से यहां शिफ्ट नहीं किया जा रहा। अगर उनमें से कुछ को यहां शिफ्ट कर दे तो इसको अच्छे से चलाया जा सकता है।
कम वोल्टेज और बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
ग्रामीण क्षेत्र और शहर के वार्डों में रह रहे उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से परेशानी होती है। उम्मीद थी कि जैसे ही उनके गांवों की बिजली नए पावर हाउस से जुड़ जाएगी तो 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी। लेकिन अभी ग्रामीणों को थोड़ा और ज्यादा इंतजार करना होगा।
पावर हाउस को चालू होने में हैं कुछ त्रुटियां
जोगिंद्र कौशिक, एक्सईएन, बिजली निगम, नरवाना ने बताया कि बडनपुर का जो पावर हाऊस है, उसमें कुछ कुछ त्रुटियां हैं। हैं। यहां पर जिनकी नियुक्तियां की जानी है, उसके लिए आगे अधिकारियों को भेजा हुआ है। यह पहले यूएच में था, जिसमें काफी व्यक्ति शामिल थे जो त्रुटियों के कारण एसए डाल दिए थे। उनको लाइनमैन से एसए कर दिया था। सर्कल स्तर पर उनकी सीनियारिटी बनी हुई है। उसकी पोस्टिंग के लिए एसई कार्यालय भेजा हुआ है। सिनियोरिटी के हिसाब से लगाया जाएगा। (JIND NEWS)
