चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों का धरना, SHO पर दुर्व्यवहार का आरोप
Haryana News: कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा कस्बे में खेतों से केबल चोरी की बढ़ती वारदातों से नाराज किसानों ने भौर सैयदां गांव के बस स्टैंड पर कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड जाम कर दिया। किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए नुकसान की भरपाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान थाना सदर पिहोवा के एसएचओ जगदीश कुमार और किसानों के बीच तीखी बहस हो गई। किसानों ने उन पर गलत व्यवहार का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की। किसानों का कहना है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे थाने का घेराव करेंगे।
किसानों ने चोर पकड़े, फिर भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने बताया कि 1 अगस्त को डीएसपी को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन न तो एफआईआर हुई और न ही किसी की गिरफ्तारी। बीती रात किसानों ने खुद दो चोरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले किया और एक कबाड़ी को भी पकड़ा, जिससे चोरी का सामान बेचा जा रहा था।
कबाड़ी से भरपाई की मांग
किसानों की मांग है कि चोरी से हुए नुकसान की भरपाई कबाड़ी से कराई जाए, फिर पुलिस कानून के तहत कार्रवाई करे। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभा रही है।
डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया
धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी निर्मल सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और किसानों से बातचीत की। इसी बीच एसएचओ और किसानों के बीच फिर बहस हुई, जिसे डीएसपी ने संभाला।
एसएचओ की सफाई
एसएचओ जगदीश कुमार ने कहा कि आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कबाड़ी को हिरासत में लिया गया है और बरामदगी के बाद ही भरपाई होगी। कानून सभी के लिए समान है।
