युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर भेजा दुबई, धोखाधड़ी कर 30 लाख हड़पे

Jind News: जींद जिले से धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में जींद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो लोगों पर केस दर्ज किया है। अमेरिका भेजने के नाम पर दो लोगों ने तीस लाख रुपये हड़प लिए। सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि हड़पने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। झांज कलां निवासी कप्तान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसका बेटा गौरव सिंगापुर गया हुआ था। वापसी के बाद उसका बेटा रोहतक रहने लगा। वहां पर उसकी दोस्ती गांव मुरथल निवासी राहुल से हो गई। राहुल ने बताया कि वह उसे अमेरिका भेज कर नौकरी दिलवा देगा।
उसने बताया कि गांव अहर पानीपत निवासी विशाल विदेश भेजने का काम करता है। बेटे से दोस्ती के चलते राहुल का घर आना-जाना भी शुरू हो गया। इसके बाद राहुल ने उन्हें विशाल से मिलवाया। उन्होंने अमेरिका भेजने की एवज में तीस लाख की मांग की। इसमें 15 लाख पहले और बाकी रकम अमेरिका पहुंचने के बाद देने के लिए कहा। फिर उन्होंने 20 अक्तूबर 2023 को पांच लाख रुपये विशाल के खाते में डाल दिए जबकि दस लाख रुपये उसी दिन राहुल को दिए गए थे।
अमेरिका का बोलकर भेजा दुबई दुबई
26 अक्तूबर को आरोपियों ने उसके बेटे को अमेरिका भेजने की बजाए दुबई भेज दिया। फिर उसे वापस देश में लाकर अज्ञात स्थान बंधक बना लिया। इसके बाद पिस्तोल के बल पर उसके बेटे को डरा कर उनसे बातचीत करवा देते। दोनों आरोपी उससे बकाया राशि भी ले गए। उन्हें विश्वास था कि गौरव अमेरिका में है। 14 फरवरी 2024 को राहुल की मां का फोन उनके पास आया और बताया कि गौरव को पानीपत पुलिस पकड़ कर ले गई है।
उसे बचाने के लिए दो लाख रुपये चाहिए। इसके बाद दोबारा उन्होंने फोन नहीं उठाया। उन्हें पता चला कि 16 सितंबर 2024 को विशाल की पत्नी ने पानीपत में उसके बेटे गौरव के खिलाफ मुकद्मा दर्ज करवाया हुआ है। इस पर उसके बेटे को जेल भेजा गया है। पुलिस ने इस मामले में अहर निवासी विशाल, मुरथल निवासी राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।