MP News: खंडवा-वडोदरा मार्ग चौड़ीकरण के लिए पेड़ों की कटाई पर हुई चर्चा, अब तक 30 में से 22 पेड़ काटे
Khandwa Vadodara Road: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्टोरेट सभा कक्ष में हुई। कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर की अध्यक्षता हुई बैठक में जनजातीय कार्य विभाग की 65, नगर पालिका की 22, स्कूल शिक्षा विभाग की 25 और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की 12 लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई।
पेड़ों की कटाई जल्द पूरी होगी। कलेक्टर ने सीएमओ को निर्देश दिए कि रोड चौड़ीकरण के दौरान बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर को हटाने की कार्ययोजना तुरंत तैयार करें। पुराने थाने की बाउंड्रीवाल हटाने की योजना बनाकर कार्य शीघ्र पूरा करें। नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की अनुमति शासन के नियमों के अनुसार ही दी जाए। कलेक्टर ने जनपद पंचायत विभाग की समीक्षा में सभी सीईओ को निर्देश दिए गए कि जिले में पौधारोपण किया जाए। चयनित स्थानों पर तार फेंसिंग के बाद पौधारोपण हो।
जल गंगा संवर्धन से जुड़े खेत तालाब, अमृत सरोवर, बावड़ी, नदी आदि कार्यों की फोटो विकासखंडवार पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। सभी सीईओ जनपद को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सभी अनुविभागीय अधिकारियों को भी निगरानी कर कार्य में गति लाने को कहा गया। समीक्षा बैठक में वन विभाग के एसडीओ की लगातार अनुपस्थिति पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने और वरिष्ठ कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
