Jind News: जींद के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी, कटऑफ का शेड्यूल हुआ जारी, 27 जून को जारी होगी प्रथम कट ऑफ
Jind News: हरियाणा प्रदेश में उच्चतर शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश के जींद जिले सहित अन्य जिलों के विद्यार्थियों को भी जानकारी देते हुए बता दे कि उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा कॉलेजों में दाखिले के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में दाखिलों के लिए कट ऑफ का भी शेड्यूल जारी कर दिया है। कॉलेजों की प्रथम कट ऑफ लिस्ट 27 जून को जारी होगी। कट ऑफ लिस्ट में नाम आने के बाद विद्यार्थी एक जुलाई तक फीस जमा करवा सकेंगे। कॉलेजों की द्वितीय कट ऑफ तीन जुलाई को जारी की जाएगी। इसके बाद सीटें खाली रहने पर 9 जुलाई से फिजिकली काउंसिलिंग शुरू की जाएगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने नए
शैक्षणिक सत्र में दाखिलों के लिए सात मई से 31 मई तक आवेदन करने का शेड्यूल जारी किया था। पुराने शेड्यूल के अनुसार 11 जून को प्रथम कट ऑफ लिस्ट जारी होनी थी। कॉलेजों में आवेदनों की संख्या कम होने पर विभाग ने 1 जून को पत्र जारी कर आवेदन करने की तिथि बढ़ाकर 15 जून कर दी। आवेदन करने की तिथि बढ़ाने के बाद विभाग ने अब कट ऑफ का भी शेड्यूल जारी कर दिया है।
11 जुलाई से लगेगी ₹100 लेट फीस
कॉलेज अधिकारियों के अनुसार दो कट ऑफ जारी होने के बाद सीटें खाली रहने पर 9 जुलाई से फिजिकली काउंसलिंग शुरू होगी। दस जुलाई को आवेदन पोर्टल दोबारा खुलेगा। विद्यार्थी आवेदन कर 11 जुलाई से पहले आओ, पहले पाओ आधार पर दाखिला ले सकेंगे। 11 से 17 जुलाई तक विद्यार्थियों को दाखिला के लिए 100 रुपए लेट फीस देनी होगी। इसके बाद 18 जुलाई से 24 जुलाई तक दाखिला के लिए लेट फीस में प्रतिदिन अलग से 100 रुपए जुड़ेंगे।
जींद शहर के दो कॉलेजों में अब तक 2780 सीटों के लिए जमा हो चुके हैं 3227 आवेदन
जींद शहर के कॉलेजों में आवेदनों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। शहर के दो मुख्य कॉलेजों में 2780 सीटों के लिए 3227 आवेदन जमा हो चुके हैं। इनमें राजकीय कॉलेज में 1730 सीटों के लिए 2029 तथा राजकीय महिला कॉलेज में 1050 सीटों के लिए 1198 आवेदन जमा हुए हैं।
मेरिट के आधार पर ही कट ऑफ में विद्यार्थी शामिल किए जाएंगे
सत्यवान मलिक, प्राचार्य, संत शिरोमणि श्री सैन भगत राजकीय कॉलेज, जींद ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने कट ऑफ लिस्ट के लिए शेड्यूल जारी किया है। कट ऑफ लिस्ट 27 जून को जारी होगी। कट ऑफ में मैरिट के आधार पर ही विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। लिस्ट में नाम आने पर विद्यार्थी फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकेंगे। (JIND NEWS)
