Jind News: जींद में होगी 200 सफाईकर्मियों की भर्ती, नप सफाई व्यवस्था हेतू खर्च करेगा 2 करोड़ से अधिक की राशि
Jind News: नगर परिषद के सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर की सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। शहर में सड़कों को साफ एवं स्वच्छ रखने और स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंक सुधार के लिए नगर परिषद अधिकारियों ने सफाई का अलग से टेंडर जारी किया है। नप द्वारा पांच महीने तक सड़कों की सफाई के कार्य पर 2.18 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
शहर की सड़कों, कॉलोनियों की गलियों व चौक-चौराहों की सफाई का कार्य नगर परिषद द्वारा करवाया जाता है। नगर परिषद के सफाईकर्मी 14 दिनों तक हड़ताल पर रहे थे। इसके चलते सड़कों पर करीब 1500 टन तक कचरा हो गया था। हड़ताल खत्म होने पर नप अधिकारियों ने कचरे का उठान शुरू करवा दिया था। नप द्वारा सड़कों से संपूर्ण कचरे का उठान रविवार शाम तक करवाने का दावा किया जा रहा है।
शहर को साफ सुधरा रखने के लिए नप अधिकारियों ने सफाई का नया टेंडर लगाया है। नए टेंडर के तहत सड़कों की सफाई के लिए पांच माह की अवधि के लिए 200 सफाई कर्मियों की भर्ती की जाएगी, जो केवल सड़कों की सफाई की जिम्मेदारी संभालेंगे। अधिकारियों के अनुसार शहर की सड़कों की सफाई का कार्य शिफ्टों में करवाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रात के समय भी सफाई के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि सुबह शहर में आने वालों को सड़कें साफ एवं स्वच्छ मिलें।
एजेंसी ने शुरू नहीं किया है कचरे का उठान
शहर में प्रतिदिन घरों एवं बाजारों से करीब 125 टन कचरा निकलता है। इस कचरे का उठान करवाने के की जिम्मेदारी नप की है। अधिकारियों ने शहर में डोर टू डोर कचरा उठान का कार्य एजेंसी को अलॉट किया हुआ है। एजेंसी ने अभी तक घरों से कचरा उठान का कार्य शुरू नहीं किया है।अधिकारियों के अनुसार एजेंसी घरों पर बारकोड लगाने का कार्य कर रही है। यह कार्य पूर्ण होने पर ही एजेंसी घर-घर से कचरे का उठान शुरू करवाएगी।
नई एजेंसी को अलॉट होगा सफाई का कार्य
ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद, जींद ने बताया कि शहर में सड़कों की सफाई का कार्य नई एजेंसी को अलॉट किया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी किया है। सड़कों की सफाई के लिए पांच माह के लिए 200 सफाईकर्मी भर्ती किए जाएंगे। इस कार्य पर 2.18 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जल्द ही औपचारिकताएं पूर्ण कर एजेंसी को कार्य अलॉट कर दिया जाएगा। (Jind News)
