Movie prime

Jind News: दिल्ली ब्लास्ट के बाद जींद शहर में बस स्टैंड समेत भीड़भाड़ वाले एरिया में चलाया जांच अभियान, यात्रियों के बैग खंगाले

एसपी ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रबंधकों व चौकी इंचाजों को अपने-अपने क्षेत्र में पैनी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, धार्मिक स्थलों आदि पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा समय-समय पर चैकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
jind news

Jind News: दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट के बाद जिले में मंगलवार को भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखी। बस स्टैंड समेत सार्वजनिक भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों की बैगों व अन्य सामान का खंगाला। डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस टीमों ने शहर में कई जगहों पर जाकर जांच की। वहीं शहर में ही दस नाकों पर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की। एसपी कुलदीप सिंह ने दोपहर बाद अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद से ही जिला में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 

वहीं पुलिस विभाग द्वारा 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फायरिंग की घटनाओं के 12 अपराधियों में से 5 को काबू कर लिया है। बाकी को पकड़ने के लिए अभियान जारी हैं। डीजीपी के निर्देश हैं कि सभी अपराधियों को टारगेट करते हुए उन पर निगरानी रखें। इसके लिए 12 थानों के हिसाब से 5-5 अपराधी यानि कुल 60 अपराधियों को चिह्नित कर लिस्ट तैयार की है। जिन्हें एसएचओ व आईओ सीधे टारगेट करेंगे। वहीं एसपी व डीएसपी भी खुद 10-10 क्रिमिनल से सीधे कनेक्ट करेंगे और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

जुलाना में भी हाईवे 352 पर नाका लगा हुई चेकिंग

दिल्ली में सोमवार शाम लालकिले के पास हुए बम धमाके की घटना के बाद जुलाना में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। जिले में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पौली गांव के पास हाईवे 352 पर नाका लगाकर आने-जाने वाले वाहन की जांच कर रही हैं। विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों, लावारिस सामान और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधियों या संदिग्ध वस्तुओं का तुरंत पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा काली फिल्म लगी गाड़ियों की चेतावनी देकर फिल्म उतरवाई गई। नाके पर पुलिसकर्मी बारीकी से वाहनों की डिक्की और अंदरूनी हिस्सों की जांच कर रहे हैं।

एसपी बोले-संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश

एसपी ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रबंधकों व चौकी इंचाजों को अपने-अपने क्षेत्र में पैनी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, धार्मिक स्थलों आदि पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा समय-समय पर चैकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या 112 नंबर पर दें। (Jind News)