Jind News: जींद में 4 नए हुडा सेक्टरों में करोड़ों रुपए से पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित होंगे कई काम, मिली मंजूरी
Jind News: जींद शहर के पॉश इलाके हुडा सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। सेक्टर 6, 7, 8, 9 सेक्टरों में जल्द ही शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेंगे। इनके निर्माण के लिए पार्किंग, वाटर सप्लाई व सीवरेज लाइन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से इन विकास कार्यों के लिए करीब 5 करोड़ 76 लाख रुपए के टेंडर लगाए हैं।
सेक्टर-6 के लिए तो टेंडर अलॉट भी हो गया, बाकी की टेंडर प्रक्रिया जारी है। कॉम्प्लेक्स की दुकानों व शोरूम प्लॉटों के लिए ऑनलाइन ऑक्शन कराई जाएगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से सेक्टरवासियों को मार्केट की सुविधा मिल सकेगी। जरूरत का सामान कॉम्प्लेक्स की दुकानों से खरीद सकेंगे। फिलहाल इन चारों सेक्टरों में कोई भी मार्केट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स नहीं होने से लोगों को दूर दराज से खरीदारी करनी पड़ती है।
शहर के सफीदों रोड के साथ लगते हुडा के चार नए सेक्टर 6, 7, 8, 9 सेक्टर करीब 18 साल पहले विकसित हुए। लेकिन आज तक इन सेक्टरों में कोई शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मार्केट नहीं बनी। जबकि सेक्टर विकसित होने के समय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए जगह निर्धारित की गई थी। वर्षों से खाली पड़ी इस जमीन पर लोगों द्वारा कचरा डालकर गंदगी फैलाई जा रही है। वहीं इस जमीन पर झाड़ियां उगी हैं, जिससे सौंदर्याकरण को भी झटका लग रहा है।
सेक्टर-8 निवासी पवन गर्ग, सुदेश देवी, ममता, राजेंद्र प्रसाद, मुकेश रेडू व नवजीत सिंह ने बताया कि सेक्टरों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स समेत दूसरी सुविधाओं के लिए छोड़ी जमीन पर कचरा बिखरा है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-9 के प्रधान कर्मपाल देशवाल, सेक्टर-8 के प्रधान सत्यवीर सिंह ने बताया कि
सेक्टरवासियों के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, हुडा मार्केट की जरूरत है। इसकी मांग कई बार प्रशासन अधिकारियों के समक्ष उठाई गई। प्राधिकरण द्वारा जल्द शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाकर लोगों को सुविधा देनी चाहिए। वहीं खाली पड़े प्लॉटों में गंदगी को साफ कराया जाए।
लोगों को मार्केट की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी
अनुज ढांडा, जेई, एचएसवीपी, जींद, ने बताया कि शहर के चारों नए सेक्टरों में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रोसेस चल रहा है। इन प्रोजेक्ट्स पर करीब 5 करोड़ 76 लाख रुपए के टेंडर लगाए गए। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए निर्धारित जमीन पर पार्किंग, वाटर व सीवरेज लाइन आदि की पूरी सुविधा दी जाएगी। इसके बाद दुकानों, शोरूम आदि के प्लॉटों की ऑनलाइन ऑक्शन कराई जाएगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से इन सेक्टरों में रहने वाले लोगों को यहीं पर मार्केट की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
