Haryana News: नायब सरकार ने नारनौल के लिए खोला सौगातों का पिटारा, करोड़ों रुपए की लागत से होंगे विकास कार्य
HARYANA NEWS: हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज नारनौल के लिए सौगातों का पिटारा खोला। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आज 16 नवंबर को नारनौल की नई अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा शुर सैनी जयंती समारोह में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। नारनौल में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी पहुंचे। इस दौरान सैनी ने नारनौल में करोड़ों रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों को हरी झंडी दी। इसके अलावा सीएम शहीद राव तुलाराम की जयंती के अवसर पर नसीबपुर स्थित राव तुलाराम शहीदी स्मारक पर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शहीदी स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को याद किया। इस मौके पर रैली में उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली के अलावा भारतीय जनता पार्टी के भिवानी से एमपी धर्मवीर सिंह और नारनौल के विधायक ओमप्रकाश, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव व महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहे। (Haryana News)
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 19 परियोजनाओं का किया शिलान्यास
हरियाणा प्रदेश में महेंद्रगढ़ के नारनौल क्षेत्र में आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करोड़ों रुपए की लागत से क्षेत्र के विकास के लिए 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सैनी सरकार नारनौल में लगभग 84 करोड़ रुपए लागत की 19 परियोजनाओं के माध्यम से विकास कार्य करवाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार प्रदेश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। हरियाणा सरकार का संकल्प गरीबों का कल्याण है और यही संकल्प हमेशा रहेगा। इस दौरान उन्होंने नारनौल विधानसभा क्षेत्र में जल भंडारण टैंक का निर्माण, हुड्डा सेक्टर का विकास और डिस्ट्रीब्यूटर और री-मॉडलिंग विकास कार्यों हेतु करोड़ों रुपए खर्च करने की बात कही।
