पीएम किसान सम्मान निधि; जींद जिले के 1.31 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 26.33 करोड़ रुपए
Jind News: प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को किसानों के खातों में 21वीं किस्त जारी की। ऐसे में जींद जिले के एक लाख 31 हजार 629 किसानों के खाते में करीब 26 करोड़ 33 लाख रुपए की धनराशि डाली गई है। इसके उपलक्ष्य में हमेटी में जिला स्तरीय किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विस के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णलाल मिढा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर किसानों को सम्मानित किया। उचाना विधायक देवेंद्र अत्री भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से देशभर के किसानों के खातों में प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की डीबीटी के माध्यम से 21 वीं किस्त जारी की। जिसका लाइव प्रसारण दिखाया गया। डिप्टी स्पीकर ने बताया कि अब तक किसान सम्मान निधि के तहत तीन लाख 90 हजार करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा किसानों के खातों में भेजे गए हैं। कार्यक्रम में एडीसी विवेक आर्य, कृषि विभाग के उप निदेश डा. गिरिश नागपाल समेत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी व किसान उपस्थित रहे।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जहां किसानों की 46 बागवानी फसलों का एमएसपी पर खरीदने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में किसान व्यापारियों के कर्ज के तले दबा होता था। पूर्व प्रधानमंत्री का दिया नारा "जय जवान, जय किसान" आज भी किसानों के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सर्वोपरि रखता है। कृषि उपनिदेशक डॉ. गिरीश नागपाल ने आए मेहमानों का स्वागत किया और किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी किसानों से आह्वान किया कि प्रदूषण से वर्तमान पीढ़ी को बचाने के लिए सभी सहयोग करें।
आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाएं किसान'
विधायक देवेन्द्र अत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण योगदान किसानों का ही होगा। सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं, फसल विविधिकरण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है ताकि भविष्य का भारत आत्मनिर्भर और कृषि क्षेत्र में अग्रणी बने। उन्होंने कहा कि पहले के शासन में किसानों के साथ उपेक्षा की गई और दो-दो रुपए के चेक देकर किसानों का अपमान किया गया। विधायक ने किसानों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाएं और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। (PM Kisan Samman Nidhi Yojana)
