Train Time Table Update: धुंध-कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाया ब्रेक, जींद रेलवे स्टेशन पर चार से पांच घंटे देरी से पहुंची रहीं
Indian Railway: जींद में सुबह के समय घनी धुंध और कोहरे ने रेल यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण ट्रेनों को एहतियातन धीमी गति से चलाया गया, आज शनिवार को जींद जंक्शन से गुजरने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। शुक्रवार को भी असम-अवैध एक्सप्रेस पर धुंध का असर पड़ा, यह ट्रेन करीब 4 से 5 घंटे की देरी से जींद जंक्शन पहुंची। ठंड और कोहरे के बीच यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
धुंध के कारण रूट की करीब 10 प्रभावित रहीं। सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटे से घटाकर 70 किमी प्रति घंटे कर दी गई। इसके चलते ट्रेन संचालन में लगातार बदलाव होता रहा और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। धुंध के कारण अवध असम एक्सप्रेस, दिल्ली-जाखल पैसेंजर, डीएमयू, पातालकोट एक्सप्रेस, कुरुक्षेत्र-जींद पैसेंजर, हिसार-जींद पैसेंजर और दिल्ली-बठिंडा सुपरफास्ट जैसी प्रमुख ट्रेनें देरी का शिकार रहीं। सुबह और रात के समय दृश्यता सबसे कम होने से लोको पायलटों को ट्रेन की गति कम रखनी पड़ी। यात्री पवन कुमार ने बताया कि धुंध के कारण ट्रेनें देरी से आ रही हैं, जिससे उन्हें दफ्तर पहुंचने में परेशानी हो रही है। वह सुबह निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचा था, लेकिन पातालकोट एक्सप्रेस काफी देर से आई। वहीं रोजाना नरवाना से रोहतक ऑफिस जाने वाले एक अन्य यात्री ने बताया कि शुक्रवार को पातालकोट एक्सप्रेस करीब 50 मिनट की देरी से नरवाना पहुंची, जिससे वह दफ्तर देर से पहुंचा।
लंबी दूरी के यात्रियों को अधिक परेशानी
लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर घंटों तक बैठे रहे। ठंड बढ़ने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ठंड में इंतजार करना मुश्किल हो गया।
यात्रियों की सुरक्षा है सर्वोपरि
धुंध और कोहरे के दौरान कई रूटों पर स्पीड लिमिट लागू की गई है। जैसे ही मौसम में सुधार होगा, ट्रेन संचालन को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचें। जेएस कुंडू, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद
