हरियाणा के ट्रेन यात्रियों को मिली बड़ी सौगात, फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का 23 से 28 फरवरी तक किया जाएगा संचालन
Special Train: खाटू श्यामजी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए फुलेरा-कुरुक्षेत्र के बीच अनारक्षित स्पेशल रेल सेवा चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा 09711/09712 स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन निर्धारित तिथियों में 12 ट्रिप के रूप में किया जाएगा, ताकि मेले में आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रेन संख्या 09711 कुरुक्षेत्र से फुलेरा के लिए 23 से 28 फरवरी तक 6 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 23:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 09712 फुलेरा से कुरुक्षेत्र रुरुक्षेत्र के लिए 24 फरवरी से 1 मार्च तक 6 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन फुलेरा से सुबह 9:50 बजे प्रस्थान कर शाम 20.00 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यह स्पेशल रेलसेवा रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इनमें कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, रेवाड़ी, नारनौल, अटेली, कांवट, श्रीमाधोपुर, सीकर सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं। इन ठहरावों से हरियाणा और राजस्थान के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा, जो खाटू श्यामजी मेले में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
स्पेशल ट्रेन में 24 कोच, सामान्य वर्ग के यात्री भी आसानी से सफर कर सकेंगे
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन को पूरी तरह अनारक्षित रखा है, जिससे सामान्य वर्ग के यात्री भी आसानी से यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन में 24 डिब्बे होंगे, जिनमें 22 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। इससे एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों को सफर की सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध संचालन और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा सकती है। दैनिक यात्री संघ के सचिव सुरेंद्र कुमार ने कहा कि रेलवे की इस पहल से खाटू श्यामजी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और सड़क मार्ग पर पड़ने वाले दबाव में भी कमी आएगी।
हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगाः एसएस
जसमेर कुंडू, एसएस, जींद ने बताया कि फाल्गुन महोत्सव को लेकर ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा। 23 फरवरी से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर चलेगी। (Special Train Update)
