Indian Railway: हरियाणा की ट्रेन यात्रियों को रेलवे की बड़ी सौगात, आज से जींद-दिल्ली रूट की ट्रेनें फिर दौड़ेंगी
Jind-Delhi Route Train Update: कोहरे के चलते बीते महीनों में रद्द की गई पैसेंजर ट्रेनों को लेकर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तरी रेलवे ने जींद-दिल्ली सहित कई रूटों पर पैसेंजर ट्रेनों को बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। रेलवे मुख्यालय बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली से जारी आदेश के अनुसार 5 फरवरी 2026 से अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार दोबारा चलेंगी।
शीतकालीन मौसम में घने कोहरे के कारण वर्ष 2025-26 के दौरान कई पैसेंजर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया था। अब मौसम में सुधार और परिचालन स्थिति सामान्य होने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इन ट्रेनों की बहाली को मंजूरी दे दी है।
जींद, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मिलेगा लाभ
जींद, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी बहाल की गई ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार चलेंगी। स्टेशन अधीक्षकों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को समय रहते सूचना दी जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। जींद के यात्रियों ने ट्रेनों की बहाली पर संतोष जताया है। दैनिक यात्री संघ के सचिव सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पैसेंजर ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को बस या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए थे। अब ट्रेनों के दोबारा चलने से आवागमन आसान होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इन ट्रेनों का किया जाएगा नियमित संचालन
ट्रेन नंबर 54034 जींद-दिल्ली और 54057 दिल्ली-समालखा 5 फरवरी से बहाल होंगी। 54058 समालखा-दिल्ली और 54031 दिल्ली-जींद 6 फरवरी से दोबारा चलेंगी। इसके अलावा नई दिल्ली-कुंडली (64074), कुंडली-नई दिल्ली (64073), दिल्ली-भिवानी एरिया (54076), भिवानी एरिया-दिल्ली (54075), दिल्ली-सोनीपत (54085) और सोनीपत-दिल्ली (54086) पैसेंजर ट्रेनें भी 5 फरवरी से नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।
लोगों को मिलेगी सुविधा
जसमेर कुंडू, एसएस, जींद ने बताया कि शीतलहर और धुंध के चलते बंद की गई ट्रेनों का 5 फरवरी से अपने निर्धारित समय पर संचालन शुरू होगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगा। इन ट्रेनों के शुरू होने से इस रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
