Indian Railway: जींद शहर में भिवानी रोड फाटक पर अंडरपास का आज से शुरू होगा काम, कई ट्रेन होंगी बाधित
Jind News: पिछले लंबे समय से अधर में लटके निर्माणाधीन भिवानी रोड रेलवे फाटक अंडरपास का निर्माण कार्य बुधवार को शुरू होगा। डिवीजनल ऑफिस नई दिल्ली से इसके निर्माण शुरू कराने को लेकर बुधवार को दिन में सुबह 11:15 से 3:15 बजे तक बंद रखने का परमिट मिला है। रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग की ओर से इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा। जींद जंक्शन से बिशनपुरा के बीच भिवानी रोड फाटक पर काम चलने के दौरान रेल ट्रैफिक बाधित रहेगा।
यह ट्रेने होगी बाधित
जींद शहर में भिवानी रोड फाटक पर अंडरपास का काम शुरू होने के दौरान दिल्ली की ओर से आने वाली दिल्ली जींद पैसेंजर गाड़ी, नई दिल्ली से जींद मेमो पैसेंजर ट्रेन, श्री गंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस बाधित रहेंगी। वहीं जींद से दिल्ली की ओर जाने वाली जींद-दिल्ली मेमो पैसेंजर गाड़ी अपने निर्धारित समय पर नहीं जा पाएगी। इससे दिल्ली से आने व जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी। बताया गया है कि निर्माण करने के लिए काफी समय से रेलवे की ओर से ब्लॉक ही नहीं मिल रहा था।
2022 में शुरू हुआ था निर्माण, अब तक पूरा नहीं
दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन के जींद से भिवानी रोड के क्रॉसिंग प्वाइंट फाटक एलसी नंबर 110 पर वर्ष 2022 में रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। करीब पौने 9 करोड़ की लागत से इसका निर्माण कार्य एचएसआईडीसी व रेलवे दोनों को संयुक्त रूप से करना था। इसकी डेडलाइन बढ़ने के बाद जून 2025 निर्धारित की गई थी लेकिन यह कार्य को अधर में छोड़ा गया है।
एचएसआईडीसी अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने अपना कार्य पूरा कर दिया है, लेकिन लाइन के नीचे से रेलवे का कार्य पेंडिंग है। ऐसे में यहां से आने जाने का रास्ता करीब तीन साल से बंद पड़ा है। इससे आसपास की दर्जनभर कालोनियों जिसमें अजमेर बस्ती, खेम नगर, बाल आश्रम बस्ती, भूपेंद्र नगर, गुप्ता कॉलोनी की करीब 18 से 20 हजार की आबादी ज्यादा प्रभावित है।
दुकानदारों ने जल्द निर्माण को लेकर सौंपा था ज्ञापन
अंडरपास निर्माण के लिए एजेंसी द्वारा की गई खुदाई के बाद दुकानों व मकानों में दरारें आ गई थी। इस पर कॉलोनीवासियों व शहर के व्यापारियों ने कई दिनों तक धरना देकर रोष जताया था। इसके निर्माण के लिए ताऊ देवीलाल चौक मार्केट एसो., हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल और जींद विकास संगठन पदाधिकारी लगातार प्रयासरत हैं। मार्केट एसो. के प्रधान सुमित पहल की अगुवाई में दुकानदारों ने रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन देकर जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई थी।
अंडरपास निर्माण का कार्य कंस्ट्रक्शन विंग नई दिल्ली द्वारा किया जा रहा है। निर्माण शुरू करने के लिए काफी समय से ब्लॉक ही नहीं मिल रहा था, जिससे रेलवे अंडरपास का निर्माण पूरा होने में अड़चन आ रही थी। अब ब्लॉक परमिट मिल गया है और बुधवार को तीन घंटे रेलवे लाइन ब्लॉक कर काम शुरू कराया जाएगा - राजीव रंजन, एडीएन, रेलवे। (INDIAN RAILWAY)
