Haryana News: हरियाणा में 11 परियोजनाओं पर खर्च होंगे 5758 करोड रुपए, मुख्य सचिव ने की समीक्षा
कृषि विभाग की 2939.50 करोड़ रुपए लागत की 03 परियोजनाएं, स्वास्थ्य विभाग की 500 करोड़ रुपए लागत की एक परियोजना और ऊर्जा विभाग की 898.64 करोड़ रुपए लागत की 04 परियोजनाएं शामिल हैं।

Haryana News: हरियाणा प्रदेश में 11 परियोजनाओं पर सरकार द्वारा लगभग 5758 करोड रुपए की राशि खर्च की जाएगी। सरकार केंद्र परियोजनाओं को समय से पूरा करने हेतु हरियाणा के मुख्य सचिव ने समीक्षा भी शुरू कर दी है। हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने प्रदेश में पांच प्रमुख विभागों नागरिक उड्डयन, कृषि, पशुपालन एवं डेयरी, स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग की 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 11 बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने हेतु 5758 करोड़ रुपए अनुमानित लागत से 11 परियोजनाओं को पूरा करेगी। सरकार द्वारा 11 परियोजनाओं को पूर्ण करने के बाद प्रदेश में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और नागरिकों को सेवाओं की डिलीवरी में भी सुधार होगा।
इन परियोजनाओं की हरियाणा के मुख्य सचिव द्वारा की गई समीक्षा
हरियाणा प्रदेश के मुख्य सचिव द्वारा जिन परियोजनओं की समीक्षा की गई है, उनमें पशुपालन विभाग की 215.36 करोड़ रुपए लागत की 02 परियोजनाएं, नागरिक उड्डयन विभाग की 1205 करोड़ रुपए लागत की एक परियोजना,
कृषि विभाग की 2939.50 करोड़ रुपए लागत की 03 परियोजनाएं, स्वास्थ्य विभाग की 500 करोड़ रुपए लागत की एक परियोजना और ऊर्जा विभाग की 898.64 करोड़ रुपए लागत की 04 परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं को समय से पूरा करने हेतु दिए अधिकारियों को निर्देश
हरियाणा प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने सभी 11 परियोजनाओं को समय से पूरा करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के बाद परियोजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई कॉन्ट्रेक्टर या एजेंसी परियोजना को समय पर पूरा नहीं करती है तो संबंधित विभाग उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें और परियोजना को जल्द पूरा करवाने के
लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी परियोजनाओं की प्रगति पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि हिसार में स्वर्ण जयंती इंटीग्रेटेड एविएशन हब के दूसरे चरण का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और एयरपोर्ट बिल्डिंग व इससे जुड़े शेष कार्य भी जल्द ही पूरे हो जाएंगे। एविएशन हब के बनने से प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी मजबूत होगी। लुवास हिसार में पशु फार्म/पशु शैड और पोल्ट्री फार्म के निर्माण के बारे में बैठक में बताया गया कि इसके लिए निविदा के बाद कार्य आवंटित कर दिया गया है और निर्माण कार्य प्रगति पर है।